8 फ़रवरी को दिल्ली में विधानसभा चुनाव है। शासक दल आम आदमी पार्टी AAP ने चुनाव में अपने उम्मीदवारों की लिस्ट निकाल ली है, जिसमें 50 में से 8 नाम महिलाओं के हैं। कौन हैं AAP की ये महिला उम्मीदवार? आइए जानते हैं।
1. आतिशी मार्लेना

इन्हें आप जानते ही होंगे। AAP की तरफ सेकालकाजी क्षेत्र से खड़ी हो रहीं आतिशी लंदन के ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय से रोड्स स्कॉलर हैं। साल 2018 तक दिल्ली के शिक्षामंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार रहीं हैं और कई शिक्षा संबंधित नीतियां लाने में इनका हाथ भी रहा है। एक लेफ्टिस्ट परिवार में बड़ी हुईं आतिशी खुद भी लेफ्टिस्ट हैं। उनके पेरेंट्स ने ‘मार्क्स’ और ‘लेनिन’ को मिलाकर उनका नाम ‘मार्लेना’ रखा था, जो नाम वो अपने उपनाम ‘सिंह’ की जगह इस्तेमाल करती हैं। आतिशी एक एक्टिविस्ट भी हैं और राजनीति में आने से पहले वे आंध्र प्रदेश के एक स्कूल में गरीब बच्चों को पढ़ाती थीं। उन्होंने कई साल भोपाल के पास एक छोटे से गांव में रहकर वहां ऑर्गेनिक फार्मिंग पर काम भी किया है।
2. राखी बिड़ला

इनका असली नाम ‘राखी बिधलान’ है पर एक ग़लती की वजह से दसवीं के सर्टिफिकेट में नाम ‘राखी बिड़ला’ छप गया था। मंगोलपुरी से AAP की उम्मीदवार राखी ने मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है। 2013 से 2014 तक वे ‘आप’ के महिला एवं शिशु कल्याण, सामाजिक विकास और भाषा मंत्रालय की सदस्य थीं। इसके अलावा वे विधानसभा में डेप्युटी स्पीकर भी हैं। पढ़ाई के बाद राखी कुछ समय के लिए पत्रकार रही थीं।
3. बंदना कुमारी

शालीमार बाग़ से खड़ी बंदना कुमारी आम आदमी पार्टी के विमेंस विंग की अध्यक्ष रह चुकी हैं। साल 2013 के चुनाव में उन्होंने तीन बार सांसद बने बीजेपी के रविंदर नाथ बंसल को हराया था, जिससे उनका नाम ‘जायंट किलर’ पड़ गया। विमेंस विंग की अध्यक्ष रहते उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई मुद्दे उठाए थे। साल 2014 में उन्होंने दिल्ली के तमाम मेट्रो स्टेशंस में 22 ग्रामीण सेवा वाहन चालू करवाए थे।
4. भावना गौड़

पालम से खड़ी हुईं भावना गौर पहले बीजेपी में थीं। साल 1997 में एमसीडी की पार्षद भी रह चुकी हैं। साल 2015 में वे ‘आप’ से जुड़ीं और चुनाव में बीजेपी के धरम देव को हराया।
और पढ़ें : लोकसभा चुनाव में राम्या हरिदास की जीत,भारतीय महिलाओं का एक सपना पूरे होने जैसा है
5. राजकुमारी ढिल्लों

पिछले महीने ही ‘आप’ में शामिल हुईं राजकुमारी हरि नगर से लड़ेंगी। उन्होंने ‘आप’ के जगदीप सिंह की जगह ली है, जो साल 2013 और साल 2015 में जीत चुके थे। ‘आप’ में आने से पहले वे कांग्रेस में थीं और हरि नगर में ही पार्षद थीं।
6. धनवंती चंदेल
सांसद दयानंद चंदेल की पत्नी धनवंती ने राजनीति में पहला कदम रखा है। ‘आप’ की तरफ़ से राजौरी गार्डन इलाक़े में खड़ी हो रही हैं। आम आदमी पार्टी में इनके चुनाव को लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है क्योंकि इनके भतीजे, करण चंदेल पर एक 20 साल की लड़की के बलात्कार का इलज़ाम है। बलात्कार के बाद लड़की ने ख़ुदकुशी कर ली थी, जिसका ज़िम्मेदार करण और चंदेल परिवार को माना गया है।
7. प्रमिला टोकस

आरके पुरम से खड़ी प्रमिला विधायक धीरज टोकस की पत्नी हैं। पेशे में बिज़नेसवुमन हैं और 2015 के चुनाव में बीजेपी के अनिल कुमार को हरा चुकी हैं। दिसंबर 2015 में प्रमिला और उनके पति पर उनके घर की कामवाली के शारीरिक शोषण का आरोप लगा था। सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) ने उनके ख़िलाफ़ शिकायत भी की थी।
8. सरिता सिंह

‘आप’ के छात्र युवा संघर्ष समिति की अध्यक्ष सरिता रोहतास नगर से चुनाव लड़ेंगी। दिल्ली यूनिवर्सिटी से समाजशास्त्र में एमए के बाद सरिता कुछ साल सोशल एक्टिविस्ट रही थीं। राजनीति में सरिता ने साल 2015 में कदम रखा था और विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के जीतेन्दर हुड्डा को हराया था।
दिल्ली में विधानसभा चुनाव 8 फरवरी 2020 को होगा और नतीजे 11 फरवरी 2020 को बताए जाएंगे।
और पढ़ें : महुआ मोइत्रा रातों रात बनीं संसद का चमकता सितारा
About the author(s)
Eesha is a feminist based in Delhi. Her interests are psychology, pop culture, sexuality, and intersectionality. Writing is her first love. She also loves books, movies, music, and memes.


Comments: