आज के समय में न सिर्फ शहरों बल्कि गांवों और कस्बों की भी हवा पहले जैसी साफ नहीं रही। तेजी से बढ़ते ट्रैफिक, उद्योगों और निर्माण कामों ने हवा को इतना प्रदूषित कर दिया है कि प्रदूषण के बिना सांस लेना भी एक विशेषाधिकार बनता जा रहा है। हालांकि इसका असर हर किसी पर पड़ता है, लेकिन हाशिये के समुदायों और विशेषकर गर्भवती महिलाओं और गर्भावस्था के लिए यह खतरा और भी ज्यादा गंभीर हो जाता है। वायु प्रदूषण अब केवल पर्यावरण से जुड़ा मुद्दा नहीं रहा, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य की एक बड़ी समस्या बन चुका है। इसका गर्भवती महिलाओं और शिशुओं पर खास असर पड़ता है। विशेषज्ञों का मानना है कि गर्भावस्था के दौरान महिला का शरीर ज्यादा संवेदनशील होता है। ऐसे में प्रदूषित हवा का प्रभाव मां और बच्चे दोनों पर एक साथ पड़ता है। वायु प्रदूषण के कई घटक होते हैं, जिनमें से वैज्ञानिक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ पीएम 2.5 को सबसे ज्यादा खतरनाक मानते हैं।
ये बहुत छोटे कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोन से भी कम होता है। इतने छोटे होने के कारण ये नाक और गले की प्राकृतिक सुरक्षा को आसानी से पार कर जाते हैं और सीधे फेफड़ों तक पहुंचते हैं। अंतरराष्ट्रीय मेडिकल रिसर्च के अनुसार, पीएम 2.5 फेफड़ों की गहराई तक पहुंचकर रक्तप्रवाह में मिल जाता है। इसके बाद यह पूरे शरीर में फैलकर सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पैदा करता है। यही वजह है कि इसका असर केवल सांस की बीमारियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हृदय, मस्तिष्क और गर्भावस्था जैसे संवेदनशील पहलुओं को भी प्रभावित करता है। ऐसी स्थिति में शहरी क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं की चिंता और बढ़ जाती है। उनके सामने दोहरी चुनौती होती है—एक तरफ गर्भावस्था से जुड़ी शारीरिक और मानसिक परेशानियां, और दूसरी तरफ अपने बच्चे को इस जहरीली हवा से सुरक्षित रखने की चिंता।
पबमेड सेंट्रल में छपे एक अध्ययन के अनुसार, पीएम 2.5 रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और गर्भावस्था में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ा देता है। इससे प्री-एक्लेम्पसिया जैसी खतरनाक स्थिति हो सकती है।
गर्भावस्था, वायु प्रदूषण और महिला का स्वास्थ्य
गर्भावस्था के दौरान मां का रक्त ही भ्रूण के लिए ऑक्सीजन और पोषण का एकमात्र स्रोत होता है। अगर यही रक्त प्रदूषण से प्रभावित हो जाए, तो गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए खतरा बढ़ जाता है। शहरी वायु प्रदूषण और गर्भावस्था पर हुए कई अंतरराष्ट्रीय शोध इस बात को साफ बताते हैं। अध्ययनों के अनुसार, गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में पीएम 2.5 के ज्यादा संपर्क में आने से गर्भपात, समय से पहले प्रसव और कम वजन वाले बच्चे के जन्म का खतरा बढ़ जाता है। जो गर्भवती महिलाएं लगातार प्रदूषित हवा में रहती हैं, उनमें प्लेसेंटा की कार्यक्षमता भी प्रभावित हो सकती है। इससे बच्चे तक पहुंचने वाली ऑक्सीजन कम हो जाती है और पोषण का संतुलन बिगड़ जाता है। प्रदूषण का असर धीरे-धीरे दिखाई देता है। यह शरीर में सूजन बढ़ाता है, जिससे गर्भाशय समय से पहले संकुचित हो सकता है। इससे प्री-टर्म डिलीवरी यानी समय से पहले बच्चे के जन्म का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे बच्चों को अक्सर सांस लेने में दिक्कत होती है, उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर होती है और उन्हें लंबे समय तक डॉक्टरों की देखभाल की जरूरत पड़ती है। कई बार इसका असर उनके पूरे जीवन के विकास पर पड़ता है।
वायु प्रदूषण और बच्चों पर असर
वायु प्रदूषण की चर्चा अक्सर बच्चे तक सीमित रह जाती है, लेकिन इसका असर माँ के स्वास्थ्य पर भी गंभीर होता है। पबमेड सेंट्रल में छपे एक अध्ययन के अनुसार, पीएम 2.5 रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और गर्भावस्था में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ा देता है। इससे प्री-एक्लेम्पसिया जैसी खतरनाक स्थिति हो सकती है। प्री-एक्लेम्पसिया गर्भावस्था की एक गंभीर समस्या है, जो आमतौर पर 20वें सप्ताह के बाद होती है। इसमें महिला का ब्लड प्रेशर बहुत बढ़ जाता है और पेशाब में प्रोटीन पाया जाता है। यह इस बात का संकेत है कि किडनी, लिवर और अन्य अंग ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। इसके लक्षणों में हाथ-पैर और चेहरे पर अचानक सूजन, तेज सिरदर्द, आंखों के सामने धुंधलापन, पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द और मतली शामिल हैं। अगर समय पर इलाज न मिले, तो यह स्थिति मां के लिए दौरे, स्ट्रोक या अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है। साथ ही, बच्चे के लिए कम ऑक्सीजन, कम वजन और समय से पहले जन्म का खतरा बढ़ जाता है। यह एक गंभीर स्थिति है, जो मां के वर्तमान और बच्चे के भविष्य—दोनों को प्रभावित कर सकती है।
‘स्टेट ऑफ़ ग्लोबल एयर 2024’ के अनुसार, देश में हर साल 20 लाख से ज़्यादा मौतें वायु प्रदूषण के कारण होती हैं। इसके कारण सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों जैसी स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा होती हैं।
इस अध्ययन के अनुसार, गर्भधारण से लेकर बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिन (जन्म के बाद के शुरुआती दो साल) तक का समय सबसे अधिक संवेदनशील होता है, और इस दौरान वायु प्रदूषण का संपर्क बच्चे के लंबे समय के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। अध्ययन में बताया गया है कि हवा में मौजूद सूक्ष्म कण, खासकर पीएम 2.5, न केवल मां के शरीर में बल्कि भ्रूण के विकास पर भी असर डालते हैं। ये प्रदूषक शरीर में जैविक बदलाव जैसे डीएनए में परिवर्तन और कोशिकाओं के कामकाज पर असर डाल सकते हैं, जिससे आगे चलकर कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। अध्ययन के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान वायु प्रदूषण के संपर्क में आने से कम वजन वाले बच्चे का जन्म, समय से पहले प्रसव और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
साथ ही, यह भ्रूण के अंगों के विकास, खासकर फेफड़ों के विकास को भी प्रभावित करता है। यह अध्ययन ये भी बताता है कि यदि गर्भावस्था के दौरान पीएम 2.5 का स्तर बढ़ता है, तो उम्र के अनुसार छोटे बच्चे के जन्म का खतरा बढ़ जाता है। उदाहरण के तौर पर, पीएम 2.5 में हर 10 µg/m³ की वृद्धि से यह जोखिम लगभग 8 फीसद तक बढ़ सकता है। इसके अलावा, घर के अंदर के प्रदूषण जैसेकि धुआं का भी बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ता है। अध्ययन के अनुसार, इससे बच्चों में कुपोषण का खतरा लगभग 19 फीसद तक बढ़ सकता है।
अध्ययन में बताया गया है कि हवा में मौजूद सूक्ष्म कण, खासकर पीएम 2.5, न केवल मां के शरीर में बल्कि भ्रूण के विकास पर भी असर डालते हैं। ये प्रदूषक शरीर में जैविक बदलाव जैसे डीएनए में परिवर्तन और कोशिकाओं के कामकाज पर असर डाल सकते हैं, जिससे आगे चलकर कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण वाले शहरों में आगे देश
वैश्विक परोपकारी संगठन क्लीन एयर फंड के मुताबिक दुनिया के सबसे ज़्यादा वायु प्रदूषण वाले 30 शहरों में से 17 भारत में हैं। राजधानी नई दिल्ली की हवा की गुणवत्ता दुनिया की सभी राजधानियों में सबसे खराब है; यहां पार्टिकुलेट मैटर (PM2.5) की मात्रा विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों से लगभग 10 गुना ज़्यादा है। ‘स्टेट ऑफ़ ग्लोबल एयर 2024’ के अनुसार, देश में हर साल 20 लाख से ज़्यादा मौतें वायु प्रदूषण के कारण होती हैं। इसके कारण सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों जैसी स्वास्थ्य समस्याएं भी पैदा होती हैं। अगर देश ने साल 2019 में हवा की गुणवत्ता का सुरक्षित स्तर हासिल कर लिया होता, तो हमारी सकल घरेलू उत्पाद में 95 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई होती। हालांकि सरकार ने वायु प्रदूषण से निपटने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें महत्वाकांक्षी ‘राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम’ भी है जिसका मकसद साल 2024 तक पार्टिकुलेट मैटर प्रदूषण को 30 फीसद तक कम करना था, जिसके लक्ष्य को बाद में संशोधित करके साल 2026 तक 40 फीसद कर दिया गया।
दुनिया के सबसे ज़्यादा वायु प्रदूषण वाले 30 शहरों में से 17 भारत में हैं। राजधानी नई दिल्ली की हवा की गुणवत्ता दुनिया की सभी राजधानियों में सबसे खराब है; यहां पार्टिकुलेट मैटर (PM2.5) की मात्रा विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों से लगभग 10 गुना ज़्यादा है।
वायु प्रदूषण आज केवल पर्यावरण की समस्या नहीं, बल्कि एक गहरी स्वास्थ्य आपदा बन चुका है। इसका सबसे गंभीर असर उन लोगों पर पड़ रहा है, जो पहले से ही अधिक संवेदनशील हैं—जैसे गर्भवती महिलाएं और उनके गर्भ में पल रहे शिशु। शोध साफ बताते हैं कि प्रदूषित हवा का असर गर्भ में ही शुरू हो जाता है और यह बच्चे के जन्म के बाद भी लंबे समय तक उसके स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित करता है। माँ का स्वास्थ्य, बच्चे का भविष्य और आने वाली पीढ़ियों की सेहत—तीनों एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अगर गर्भावस्था के दौरान स्वच्छ हवा नहीं मिलेगी, तो इसका असर केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज और देश के स्वास्थ्य पर भी पड़ेगा।
इसलिए जरूरी है कि वायु प्रदूषण को गंभीरता से लिया जाए और इसे कम करने के लिए सख्त नीतियां लागू की जाएं। साथ ही, गर्भवती महिलाओं को “हाई-रिस्क ग्रुप” मानकर उनके लिए विशेष सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। स्वच्छ हवा कोई सुविधा नहीं, बल्कि हर महिला और हर बच्चे का बुनियादी अधिकार है। अगर हम आज इस दिशा में ठोस कदम उठाते हैं, तभी हम आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य दे पाएंगे।

