भारतीय संस्कृति और परंपरा को संजोए रखने की एक डोर भोजन भी रहा है। सदियों से महिलाएं पूरी लग्न , प्रेम और भाव से भोजन बनाती आ रही हैं, जिसे रूढ़िवादी पितृसत्तात्मक सोच से ग्रसित समाज सिर्फ महिलाओं की जिम्मेदारी समझ उनकी मेहनत और प्यार को कम आंकता आ रहा है। समाज और तकनीक के विकास में सोशल मीडिया की तेज रफ्तार ने भारतीय महिलाओं की रसोई को एक वैश्विक मंच दिया है।
जहां हजारों महिलाएं इंस्टाग्राम, यूट्यूब और ब्लॉग्स पर फूड कंटेंट बना रही हैं, जहां वे न केवल व्यंजनों की रेसिपी साझा करती हैं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों, व्यक्तिगत कहानियों और संघर्षों को भी उकेरती हैं। यह प्रक्रिया उन्हें पारंपरिक भूमिकाओं से मुक्त कर पहचान और आजादी की नई परिभाषा दे रही हैं। लेकिन सवाल यह भी है कि क्या ये डिजिटल प्लेटफॉर्म उन्हें वास्तविक आज़ादी प्रदान करते हैं, या फिर उनके लिए सौंदर्य, पूर्णता और प्रदर्शन के पुराने दबाव नए डिजिटल अवतार में लौट आते हैं?
हजारों महिलाएं इंस्टाग्राम, यूट्यूब और ब्लॉग्स पर फूड कंटेंट बना रही हैं, जहां वे न केवल व्यंजनों की रेसिपी साझा करती हैं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों, व्यक्तिगत कहानियों और संघर्षों को भी उकेरती हैं। यह प्रक्रिया उन्हें पारंपरिक भूमिकाओं से मुक्त कर पहचान और आजादी की नई परिभाषा दे रही हैं।
फूड ब्लॉगिंग में महिलाओं की भूमिका और आर्थिक आज़ादी
भारत में फूड ब्लॉगिंग का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है, और इसमें महिलाओं की भूमिका प्रमुख है। फोर्ब्स पत्रिका में छपी एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग उद्योग का साल 2024 में 289 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद थी और इसका साल 2026 में 405 मिलियन डॉलर को पार करने का अनुमान लगाया जा रहा है। भारत में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग की स्थिति वाली इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत में 77 फीसदी महिलाएं इंफ्लुएंसर हैं। यह विकास लाइफस्टाइल, फैशन और ब्यूटी कैटेगरी से प्रेरित है, जो यह बताता है कि सोशल मीडिया के विकास ने महिलाओं की पहचान विकसित करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। कई फूड ब्लॉगर्स इसके जरिए 1 से 1.5 लाख रुपये हर महीने कमा रहे हैं, जो पेज व्यूज, एसईओ और सोशल मीडिया उपस्थिति पर निर्भर करता है। यह खास तौर पर शहरों की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, जहां यह घर से वैश्विक पहुंच प्रदान करता है। फूड ब्लॉगिंग महिलाओं के लिए मात्र रेसिपी साझा करने का माध्यम नहीं है, बल्कि व्यक्तिगत और सांस्कृतिक पहचान गढ़ने का प्लेटफॉर्म है।
प्रवासी भारतीय महिलाओं के फूड ब्लॉग्स स्मृतियों और पहचान के माध्यम से सांस्कृतिक मेटा-नैरेटिव्स का निर्माण करते हैं, जहां खाना निजी कर्तव्य से सार्वजनिक अभिव्यक्ति में बदल जाता है। इंस्टाग्राम गृहिणियों को डिजिटल उद्यमियों में बदल रही है, जहां वे रील्स, स्टोरीज और शॉप्स के माध्यम से अपनी कला को राजस्व में बदल रही हैं, जो पारंपरिक जेंडर आधारित भूमिकाओं को चुनौती देता है।आज़ादी की चर्चा में वित्तीय आजादी सबसे महत्वपूर्ण है, और फूड ब्लॉगिंग इसमें बहुत सी महिलाओं को मजबूत बना रही है। फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक, पिछले दो सालों में 77 फीसदी इन्फ्लुएंसर्स की आय में बढ़ोतरी देखी गई है, और 86 फीसदी लोगों की अगले दो सालों में कम से कम 10 फीसदी बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही है। जिसमें 65 फीसदी उच्च आय वाली महिलाएं भी शामिल हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, फूड ब्लॉगर्स विज्ञापन, ऑनलाइन कोर्स, ब्रांड कोलैबोरेशन और एफिलिएट मार्केटिंग से आय अर्जित कर रहे हैं, जो महिलाओं को वित्तीय रूप से स्वतंत्र बनाने का अच्छा तरीका है। इसके अलावा, मेटा स्टडी के अनुसार, पता चला है कि 80 फीसदी भारतीय महिलाएं वित्तीय निर्णय लेने के लिए इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप का इस्तेमाल करती हैं ।
फोर्ब्स पत्रिका में छपी एक सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग उद्योग का साल 2024 में 289 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद थी और इसका साल 2026 में 405 मिलियन डॉलर को पार करने का अनुमान लगाया जा रहा है। भारत में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग की स्थिति वाली इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत में 77 फीसदी महिलाएं इंफ्लुएंसर हैं ।
डिजिटल आज़ादी और उसके पीछे का दबाव
सोशल मीडिया की दुनिया में एल्गोरिदम और दृश्यता का खेल महिलाओं के लिए नए तरह के दबाव लाता है। बिज़नेस स्टैंडर्ड में छपे एक शोध में पाया गया है कि, जेंडर आधारित पुराने पूर्वाग्रह अभी भी कायम हैं। फोटो-शेयरिंग साइट इंस्टाग्राम को एक परीक्षण मामले के रूप में उपयोग करते हुए, शोधकर्ताओं ने दिखाया कि कैसे दो सामान्य एल्गोरिदम एक नेटवर्क प्रभाव को बढ़ाते हैं जिसे होमोफिली के रूप में जाना जाता है, जिसमें समान विचारधारा वाले लोग एक साथ समूह बनाते हैं। उन्होंने आगे दिखाया कि कैसे होमोफिली के साथ नेटवर्क पर एल्गोरिदम को ढीला या कम कर दिया गया है, जिससे महिलाएं प्रभावी रूप से कम दिखाई देने लगी हैं। वहीं फूड कंटेंट की लोकप्रियता अक्सर इस बात पर निर्भर करती है कि वीडियो कितना आकर्षक दिखता है। खाना कितना सुंदर, रंगीन और ‘कैमरा फ्रेंडली’ है। ऐसे में स्वाद और मेहनत के साथ-साथ सौंदर्य भी एक अनकहा मानक बन जाता है। जो क्रिएटर इस मानक में फिट बैठती हैं, उन्हें अधिक व्यूज़ और ब्रांड सहयोग मिलते हैं, जबकि स्थानीय भाषा या साधारण प्रस्तुति में काम करने वाली कई महिलाएं एल्गोरिदम की भीड़ में खो जाती हैं। इस तरह सोशल मीडिया पर दिखने वाली आज़ादी कई बार ‘डिजिटल प्रतिस्पर्धा’ में बदल जाती है।
इसके साथ ही यह समझना भी ज़रूरी है कि क्या ये महिलाएं सचमुच आर्थिक रूप से आजाद हो रही हैं। बहुत सी महिलाओं के लिए ब्लॉगिंग और यूट्यूब चैनल एक अतिरिक्त आमदनी का स्रोत बना है, लेकिन यह कमाई अक्सर अस्थायी और अनिश्चित रहती है। एल्गोरिदम में बदलाव, ब्रांड डील्स का असमान वितरण और प्लेटफ़ॉर्म की नीतियां उनकी आय पर सीधा असर डालती हैं। कुछ सफल क्रिएटर्स तो ज़रूर हैं जो अपने चैनल के ज़रिए स्थिर आमदनी कमा रही हैं कुकबुक, ऑनलाइन क्लास या ब्रांड सहयोग के जरिए लेकिन अधिकांश महिलाओं के लिए यह पेशा अभी भी सहायक आय तक ही सीमित है। डिजिटल आज़ादी के बावजूद, प्लेटफॉर्म्स पुराने दबावों को नए रूप दे देते हैं। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ इंडियन साइकोलॉजी के एक अध्ययन में पाया गया कि सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग महिलाओं में बॉडी इमेज असंतोष और आत्म-सम्मान को नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। एआई आधारित ब्यूटी फिल्टर्स बॉडी डिससैटिस्फैक्शन से मजबूत संबंध रखते हैं जो भारतीय संदर्भ में रंग भेद और बॉडी एंग्जायटी को बढ़ाते हैं।
बिज़नेस स्टैंडर्ड में छपे एक शोध में पाया गया है कि, जेंडर आधारित पुराने पूर्वाग्रह अभी भी कायम हैं। फोटो-शेयरिंग साइट इंस्टाग्राम को एक परीक्षण मामले के रूप में उपयोग करते हुए, शोधकर्ताओं ने दिखाया कि कैसे दो सामान्य एल्गोरिदम एक नेटवर्क प्रभाव को बढ़ाते हैं जिसे होमोफिली के रूप में जाना जाता है
दिखावटी चमक या असली सशक्तिकरण
फूड ब्लॉगिंग दोहरी भूमिका निभाती है। एक ओर यह पहचान और वित्तीय सशक्तिकरण देती है, लेकिन दूसरी ओर, ब्यूटी स्टैंडर्ड्स का दबाव मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। कुल मिलाकर, यह प्रगति है, लेकिन ग्रामीण महिलाओं के लिए इस तक पहुंच सीमित है। इसके बावजूद इस बदलाव का सामाजिक असर गहरा है। गांवों और छोटे शहरों की महिलाएं भी अब स्मार्टफोन और इंटरनेट के ज़रिए अपनी पहचान बना रही हैं। वे न केवल अपने परिवार के बाहर एक नई भूमिका अपना रही हैं, बल्कि यह साबित कर रही हैं कि रसोई और स्क्रीन दोनों पर उनकी जगह बराबर है। पर साथ ही, यह भी सच है कि सोशल मीडिया पर आदर्श गृहिणी की चमकदार छवि साफ-सुथरी रसोई, मुस्कुराता चेहरा, और परफेक्ट प्लेटिंग एक नया दबाव बनकर उभरी है। ऐसे में असली सवाल यह है कि क्या यह असल में आजादी है या बस एक और रूप है। उसी पारंपरिक भेदभाव का जिसे डिजिटल दुनिया ने नए फ्रेम में पेश किया है।
वास्तविक आज़ादी तब मानी जाएगी जब ये महिलाएं न केवल अपनी अभिव्यक्ति में आज़ाद हों, बल्कि आर्थिक रूप से स्थिर और निर्णय लेने में भी मज़बूत बनें। प्लेटफ़ॉर्म कंपनियों, सरकार और समाज को मिलकर ऐसा माहौल बनाने की ज़रूरत है, जहां क्रिएटर्स को पारदर्शी कमाई का ढांचा, डिजिटल और वित्तीय साक्षरता, और मानसिक स्वास्थ्य का सहयोग मिल सके। तभी डिजिटल युग की यह आज़ादी सिर्फ़ दिखावटी नहीं बल्कि सच्ची और टिकाऊ आज़ादी बन पाएगी, जहां महिलाएं अपने हुनर से केवल अपनी पहचान ही नहीं बल्कि अपनी वित्तीय आज़ादी भी गढ़ सकेंगी। रॉयटर्स में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, छोटे देशों में 57 फीसदी महिला उद्यमियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन हिंसा का अनुभव किया है, जबकि 21 फीसदी को पुरुष ग्राहकों से हिंसा का डर है और लगभग 41 फीसदी महिलाएं जानबूझकर अपनी ऑनलाइन उपस्थिति सीमित कर लेती हैं, जैसे कि पुरुषों के साथ संभावित रूप से हानिकारक बातचीत से बचने के लिए अपनी मार्केटिंग को केवल महिलाओं के लिए ऑनलाइन जगहों तक सीमित रखना। इससे यह साबित होता है कि डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म महिलाओं के लिए निराशाजनक साबित हो रहे हैं।
फूड ब्लॉगिंग की इस डिजिटल क्रांति ने भारतीय महिलाओं को रसोई की चारदीवारी से निकालकर वैश्विक मंच पर स्थापित किया है, जहां वे न केवल सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित कर रही हैं बल्कि वित्तीय सशक्तिकरण के नए द्वार या रास्ते खोल रही हैं। फिर भी, ऑनलाइन हिंसा, एल्गोरिदम की बाधाएं और सौंदर्य के दबाव जैसे चुनौतियां इस प्रगति को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। सच्ची आजादी तभी हासिल होगी जब प्लेटफॉर्म सुरक्षित, समावेशी और पारदर्शी होंगे, सरकार डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा दे, और समाज इन महिलाओं की मेहनत को पूर्ण सम्मान दे। तभी रसोई की यह डोर न केवल परंपराओं को जोड़ेगी, बल्कि लाखों महिलाओं को आर्थिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाकर एक समावेशी भारत का निर्माण करेगी जहां हर महिला अपनी कहानी, अपनी रेसिपी और अपनी पहचान के साथ चमक सकेगी ।

